त्यूनी (देहरादून)।
चकराता-त्यूनी मार्ग पर स्कॉर्पियो गहरी खाई में जा गिरी। स्कॉर्पियो सवार दंपति और उनके बालक समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। रात को हुई दुर्घटना का पता सुबह लगा। शवों की शिनाख्त करने में काफी परेशानी हुई। एक मृतक के नाम को लेकर देर रात तक भ्रम की स्थिति रही। शवों को त्यूनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
स्कॉर्पियो में सवार छह लोग सावड़ा में खाना खाने के बाद रात करीब साढे़ दस बजे त्यूनी के लिए चले। चिल्लाड़ के पास गोसरधार के नजदीक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन के परखच्चे उड़ गए। सुबह करीब नौ बजे आसपास के गांवों के लोगों ने खाई में शव देखे। उन्होंने इसकी जानकारी तहसील प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार केडी जोशी और पटवारी ईश्वरदत्त ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला। शवों की पहचान प्रदीप (28) पुत्र परसराम निवासी फतेहपुर मुजफ्फरनगर, उसकी पत्नी लता (22) और उनके पुत्र दो वर्षीय सूर्या के रूप में हुई।
लता का मायका त्यूनी में है। बताया जाता है ये लोग गाड़ी से शाकुंभरी देवी आए थे। वहां से त्यूनी के लिए चले थे। अन्य मरने वालों की पहचान विजयपाल, योगेश और राहुल तीनों निवासी जसाला, कांधला जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। एसडीएम हंसादत्त पांडेय ने बताया कि शवों का त्यूनी में ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment