देहरादून। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भर रहा हेलीकाप्टर रविवार की दोपहर 2.20 बजे रायपुर के पास लाडपुर के जंगल में जमीन पर आ गिरा। हेलीकाप्टर में सवार पायलट और इंजीनियर को गंभीर हालत में सीएमआई अस्पताल में भरती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक हेलीकाप्टर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के पुत्र व तीन अन्य को बदरीनाथ-केदारनाथ की यात्रा कराकर जौलीग्रांट लौटा था। वहां से सहस्त्रधारा स्थित हैलीपैड जा रहा था। दुर्घटना की जांच के लिए महानिदेशक नागरिक उड्डयन विभाग के विशेषज्ञों का दल सोमवार को देहरादून पहुंचेगा।
देहरादून के एसएसपी जीएस मर्तोलिया के मुताबिक रविवार की दोपहर को सार एविएशन के तहत संचालित होने वाले हेलीकाप्टर (वीटीएसडब्ल्यू वेल-407 ) ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के पुत्र, सुरक्षाकर्मी, वैयक्तिक सहायक व मुख्यमंत्री के पीआरओ को उतारा। इसके बाद सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरी। पांच मिनट बाद ही वह लाडपुर (रायपुर) के जंगल में साल के पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसके दो ब्लेड पेड़ की टहनियों में अटल गए और बाकी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल पायलट नवीन विद और इंजीनियर नवनील को सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर है। उन्हें आईसीयू में 24 घंटे के लिए आब्जर्वेशन में रखा गया है। दुर्घटना के बाद हेलीकाप्टर की बैट्री ऑन थी। थोड़ी देर बाद फायर ब्रिगेड और सार एविएशन के तकनीकी कर्मी मौके पर पहुंच गए।
No comments:
Post a Comment