देहरादून

09/08/2012



तबाही के बाद सरकारी मशीनरी तुरंत हरकत में
उत्तरकाशी के दयारा, बुग्याल और गंगोरी में बादल फटने से हुई भारी तबाही के बाद सरकारी मशीनरी तुरंत हरकत में तो आ गई, लेकिन प्रकृति के कहर की मार इतनी ज्यादा है कि तुरत-फुरत मुहैया कराई गई मदद नाकाफी साबित हो रही है। टिहरी, रुद्रप्रयाग में तैनात आपदा प्रबंधन की तीन अतिरिक्त टीमें, हरिद्वार से पीएसी भी उत्तरकाशी भेजी गई। शनिवार को सेना भी बचाव और राहत कार्यो में जुट गई। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने आपदा प्रबंधन मंत्री यशपाल आर्य के साथ अधिकारियों की बैठक बुलाकर पूरी स्थिति की समीक्षा करते हुए राहत बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर भोजन, दूध, पेयजल, कपडे़ व दवाइयां आदि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंगोत्री व केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्गो पर जगह-जगह भूस्खलन को देखते हुए स्थिति सामान्य होने तक यात्रा रोक दी गई। देहरादून से पुलिस का छह सदस्यीय दल भी राहत-बचाव कार्य के लिए उत्तरकाशी भेजा गया है।

09/06/2012


हंगामेदार बजट सत्र
उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र का आखिरी दिन भी हंगामेदार रहा। सदन के हंगामे को देखते हुए सदन की कार्यवाही अनिश्चतकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। बीजेपी विधायक गणेश जोशी नियम 58 के तहत चर्चा को लेकर वैल में आकर बैठ गए। जिसके चलते कार्यवाही साढे 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। एक तरफ तो विपक्ष बजट सत्र का वक्त बढांने की मांग करता रहा है, उधर दूसरी तरफ विपक्ष सदन की कार्यवाही में जमकर हंगामा करता रहा। बजट सत्र के आखिरी दिन विपक्ष ने कानून व्यवस्था का मुददा भी उठाया। विपक्ष ने इस मुददे को लेकर जमकर हंगामा किया और जांच की मांग की। उधर सरकार इस मामले पर अपनी स्तर से कार्रवाई करने की बात कर रही है। इस बीच पीडीएफ के तेवर भी तल्ख रहे। दिनेश धनै ने मंत्रीमंडल में जगह ना मिलने पर सरकार से समर्थन वापसी की धमकी दे डाली। दिनेश धनै टिहरी से निर्दलीय विधायक हैं। बाकी दो निर्दलीय विधायकों को तो कैबिनेट में जगह दे दी गई है लेकिन धनै को कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। धनै को अभी भी उम्मीद है कि कांग्रेस सरकार उनकी नाराजगी दूर करेगी। कांग्रेस सरकार में तीन निर्दलीय विधायक शामिल हैं। इनमें से कैबिनेट का हिस्सा बन चुके मंत्री प्रसाद नैथानी धनै की बातों से इŸोफाक रखते हैं। विपक्ष का कहना है कि सदन की अंदर नंदा राजजात यात्रा का मुद्दा भी उठाया गया है जिस पर सीएम ने संज्ञान लिया है। उधर सरकार का कहना है कि राजजात यात्रा को सफल बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। उत्तराखंड



09/06/2012

देहरादून: उत्तराखंड प्री-मेडिकल (यूपीएमटी) प्रवेश परीक्षा दस जून को प्रदेशभर के 24 केंद्रों पर होगी। देहरादून में परीक्षा के लिए दस केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश स्तर पर लगभग दस हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है।

09/06/2012


आइएमए की सुरक्षा को पुख्ता बंदोबस्त, जमीन से लेकर आकाश तक पहरा बैठा दिया गया
देहरादून: शनिवार को प्रस्तावित भारतीय सैन्य अकादमी की पीओपी (पासिंग आउट परेड) की सुरक्षा में जमीन से लेकर आकाश तक पहरा बैठा दिया गया है। सुरक्षा व खुफिया एजेंसियां जमीन पर निगरानी कर रही हैं तो सेना के विशेष हेलीकॉप्टर आसमान से नजरें गढ़ाए हुए हैं। आइएमए के दो परिसरों के बीच से गुजर रहे नेशनल हाईवे-74 पर विशेष कमांडो दस्ता तैनात कर दिया गया है। वाहनों की तलाशी के आदेश जारी कर दिए गए हैं। साल में दो बार होने वाली आइएमए की पीओपी की सुरक्षा हर बार सुरक्षा-खुफिया एजेंसियों के लिए चुनौती रहती है। आइएमए के भीतरी परिसर में सेना का विशेष कमांडो दस्ता तैनात किया गया है तो बाहरी परिसर में पुलिस के कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया है। ऊंची इमारतों और पेड़ों से आइएमए के चप्पे-चप्पे पर निगाह रखी जा रही है। जमीन पर सेना व पुलिस ने पूरी तरह घेराबंदी कर ली है।



25/03/2012

पंजाब ज्वेलर्स के दर्जनभर शोरूम पर छापा

देहरादूनः पंजाब ज्वेलर्स ग्रुप के देहरादून और दिल्ली के करीब एक दर्जन शोरूम और ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की । विभाग ने ज्वेलर्स ग्रुप के 15 लॉकर सील कर दिए। साथ ही आय से जुड़े दर्जनों रेकार्ड जब्त कर लिए। सूत्रों के मुताबिक पंजाब ज्वेलर्स के ठिकानों से करोड़ों रुपए की इनकम टैक्स चोरी के प्रमाण हाथ लगे हैं। बुधवार को आयकर विभाग की इनवेस्टिगेशन विंग पंजाब ज्वैलर्स के राजपुर रोड के पांच शोरूम, कर्जन रोड स्थित आवास, दिल्ली के चार शोरूम व गुड़गांव के एक शोरूम में छापा मारा गया। सुबह आठ बजे शुरू हुई यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही। इस दौरान आयकर टीम ने पंजाब ज्वेलर्स समूह के 15 लॉकर सील कर दिए। उनके ठिकानों से बिक्री, आय व टैक्स संबंधी दर्जनों दस्तावेज कब्जे में ले लिए गए। शोरूम से खाते संबंधी कंप्यूटर भी सील किए गए।




07/feb/2012

सीएम आज करेंगे बजट खर्च की समीक्षा

देहरादून- निर्वाचन आयोग से हरी झंडी मिलते ही सरकार हरकत में आ गई है। मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी आज बजट खर्च की समीक्षा करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री की बैठक के मद्देनजर नियोजन प्रमुख सचिव एस रामास्वामी ने विभिन्न महकमों की बैठक कर बजट खर्च का ब्योरा तलब किया। मतदान के बाद चुनाव आचार संहिता के चलते सूबे के बजट खर्च और विकास कार्यो पर ढिलाई का असर अब नहीं पड़ सकेगा। केंद्रीय निर्वाचन आयोग से रियायत मिलने के बाद सरकार हरकत में आ गई है। आयोग के निर्देश सोमवार को विभिन्न महकमों तक भी पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री आज सचिवालय में बजट खर्च की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के मद्देनजर नियोजन प्रमुख सचिव एस रामास्वामी ने बजट खर्च को लेकर विभिन्न महकमों से ब्योरा तलब किया। उक्त बैठक मुख्य सचिव सुभाष कुमार की अध्यक्षता में होनी थी, लेकिन उनकी गैर मौजूदगी में नियोजन प्रमुख सचिव ने बैठक की। बैठक में तमाम महकमों के अफसरों से बजट खर्च का अपडेट ब्योरा भी लिया गया।

05/feb/2012

खाई में गिरी कार, दो की मौत, एक घायल

ऋषिकेशः ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाइवे पर गूलर के पास एक कार खाई में गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, ब्राह्मणवाला देहरादून निवासी सुंदर सिंह रावत अपने गांव सोनला गोपेश्वर चमोली गढ़वाल गए हुए थे। शनिवार को वह वैगन-आर कार से देहरादून लौट रहे थे। उनके भाई यशवीर सिंह रावत की पत्नी और बेटा भी उनके साथ था। ऋषिकेश से करीब 25 किलोमीटर पहले एक गदेरे के समीप सामने से आ रहे ट्रक से बचने के फेर में कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक 60 वर्षीय सुंदर सिंह और 45 वर्षीय गीता देवी पत्नी यशवीर सिंह की मौत हो चुकी थी।

ऑनलाइन होगी विकलांग और विधवा पेंशन

देहरादूनः सूबे में विकलांग और विधवा पेंशन ऑनलाइन किए जाने को शासन स्तर पर कवायद शुरू हो गई है। एनआइसी उत्तराखंड इस योजना में सेतु की भूमिका निभाएगा। इससे करीब डेढ़ लाख पेंशनर्स को फायदा मिलेगा। समाज कल्याण विभाग करीब डेढ़ लाख लोगों को विकलांग और विधवा पेंशन मुहैया करा रहा है। सरकारी मशीनरी की लापरवाही के कारण पेंशनर्स को समय से पेंशन नहीं मिलती। वहीं काफी संख्या में फर्जी पेंशनर्स योजना का लाभ उठा रहे हैं। इस बारे में मिल रही लगातार शिकायतों को देखते हुए गत अक्टूबर में सरकार ने पेंशन को ऑनलाइन करने की योजना बनाई। इसके तहत गत जनवरी में वृद्धावस्था पेंशन ऑनलाइन की गई। अब बारी विकलांग और विधवा पेंशन की है। इस बारे में शासन की ओर से जिलास्तर पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। योजना के तहत जिलों से पेंशनर्स का अपडेट डेटा एनआइसी उत्तराखंड के सर्वर से जोड़ा जाएगा। एनआइसी द्वारा तैयार विभाग की वेबसाइट पर इसे लोड किया जाएगा। विभाग पेंशनर्स को आइडी नंबर देगा। वेबसाइट पर पेंशनर्स की पेंशन का पूरा ब्योरा उपलब्ध होगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पेंशनर्स की पेंशन रिलीज हुई या नहीं, सबसे पहले इसका पता चलेगा। पेंशनर्स अपने आइडी से भी यह पता कर सकेगा। पेंशनर्स का खाता बैंक में खुलवाया जाएगा। बैंकों की सुविधा मैदानी जिलों में तो आसानी से सुलभ हो जाएगी, लेकिन पहाड़ में ऐसा संभव नहीं होने पर डाकघर की मदद ली जाएगी। अब पेंशनर्स को तय करना होगा कि वह डाकघर में खाता खोलना चाहता है या मनीआर्डर से पेंशन की रकम लेगा।




21/01/2012

टीम अन्ना पर फेंका जूता
कांग्रेस ने की निंदा है, बीजेपी ने जांच की मांग उठाई


देहरादूनः टीम अन्ना ने भ्रष्टाचार के खिलाफ देवभूमि से अपनी मुहिम की फिर से शुरुआत की। देहरादून से टीम अन्ना ने हूंकार भरी। लेकिन पहले ही दिन टीम अन्ना के मंच पर एक शख्स ने जूता फेंक दिया। जिस वक्त जूता फेंका गया उस वक्त टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल और किरण बेदी मंच पर ही मौजूद थीं। भीड़ में एक शख्स कहीं से आया और टीम अन्ना पर जूता फेंक दिया। बाद में पुलिस ने इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि इस शख्स का नाम किशन लाल है और ये प्रेमनगर का रहने वाला है। खबर है कि किशलाल अन्ना हजारे के बयान से नाराज था जो उन्होंने शरद पवार को थप्पड मारे जाने पर दिया था। भ्रष्टाचार के खिलाफ टीम अन्ना ने अपने अभियान की शुरूआत हरिद्वार से की है। कांग्रेस ने इसकी निंदा है, जबकि बीजेपी ने जांच की मांग उठाई है।




20/01/2012

मिशन 2012 की चुनौतियां


देहरादूनः धरमपुर सीट पर घमासान के पूरे आसार लग रहे हैं, कांग्रेस ने यहां अपने पारंपरिक चेहरे को मैदान में उतारा है तो वहीं बीजेपी ने नए चेहरे पर दांव खेला है। हर पार्टी के अपने-अपने समीकरण हैं, लेकिन परिसीमन से बदली तस्वीर ने चुनौतियों भी बढ़ा दी हैं। लगभग एक लाख 20 हजार मतदाताओं वाली जिले की इस सबसे बड़ी सीट पर पिछले दो चुनाव के मुकाबले हालात थोड़ा बदल गए हैं। पर्वतीय मूल, अल्पसंख्यक मतदाताओं का प्रतिशत बढ़ना और पंजाबी और व्यापारिक वर्ग के प्रतिशत में आई गिरावट राजनीतिक समीकरणों को पूर्व चुनाव की अपेक्षा पेचीदा बना रही है। क्षेत्र में मतदाताओं की स्थिति देखें तो भाजपा-कांग्रेस, दोनों का ही अलग-अलग पॉकेट में अपना प्रभाव रहा है। बावजूद इसके दोनों ही तरफ से जातिवाद और क्षेत्रवाद का कार्ड खेला जा रहा है। लेकिन, सबसे ज्यादा मशक्कत दोनों ही दलों को अल्पसंख्यक मतदाताओं को रिझाने के लिए करनी पड़ रही है। वहीं बीएसपी ने हाजी सलीम को मैदान में लाकर भी कांग्रेस और बीजेपी के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है।




17/01/2012

फोटो पहचान पत्र के बगैर मतदान नहीं

देहरादूनः मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन के दौरान मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र साथ लाना ज़रूरी किया गया है। उन्होंने कहा कि आयोग ने ये भी दिशा निर्देश दिए हैं कि यदि कोई मतदाता अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असफल रहता है तो ऐसे मतदाता को निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी किया गया प्रमाणिक मतदाता फोटो पर्ची प्रस्तुत करनी होगी।


कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पहुंची दून

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार शाम दून पहुंच गई। वो आज रुड़की और टिहरी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी। उधर, पार्टी के प्रदेश प्रभारी चौ वीरेंद्र सिंह, अध्यक्ष यशपाल आर्य समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने दून पहुंचकर चुनाव सभाओं की तैयारी का जायजा लिया। कांग्रेस की स्टार प्रचारक सोनिया गांधी के दून पहुंचने से पार्टी के दिग्गजों और प्रत्याशियों के चेहरे खिल गए हैं। जौलीग्रांट हवाई अड्डे से हेलीकाप्टर से वह जीटीसी हैलीपैड पहुंची। वहां से कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त में उनका काफिला शाम करीब 4.45 बजे राजभवन पहुंचा। सोनिया गांधी आज रुड़की में सुबह 11 बजे और टिहरी में दोपहर 12 बजे चुनावी जनसभाओं में हिस्सा लेंगी।


पुलिस ने साढ़े 3 लाख कैश पकड़ा

देहरादूनः प्रेमनगर में तीन लाख 61 हजार कैश पकड़ लिया और ये कैश एक कार में था। कार में कैंट सीट से भाजपा प्रत्याशी हरबंस कपूर की प्रचार सामग्री भी मिली। कैश प्रेमनगर स्थित गैस एजेंसी का मालिक ले जा रहा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। देर रात तक, फ्लाइंग स्क्वॉड की टीमें एजेंसी मालिक से पूछताछ कर रही थी। फिलहाल, पैसे के बारे में कोई पुख्ता सबूत पुलिस के हाथ नहीं लहे है। चुनाव की तिथि नजदीक आते-आते पैसे का खेल शुरू हो गया है। इस बार चुनाव आयोग के डंडे के चलते पैसे के दुरुपयोग पर कड़ा पहरा है। मगर चोरी-छुपे सबकुछ चलने की सूचनाएं मिल रहीं थीं। स्पेशल फ्लाइंग स्क्वॉड इसकी पड़ताल में लगे हुए हैं। देर रात तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी चालक प्रमोद पंवार पुत्र सुल्तान सिंह निवासी मोहनपुर प्रेमनगर के विरुद्ध जन प्रदेश अधिनियम की धारा-171(च) और 161(ख) और 123 में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हो सकता है कि आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाए। आरोपी की प्रेमनगर में यूरिक गैस एजेंसी है।




BJP, INC, UKD, RLD, SP, BSP

मिशन 2012 की महाभारत में घमासान

उत्रराखंड़ में इन दिनों दल बदल की राजनीति चरम पर है, सूबे की दो मुख्य पार्टी बीजेपी और कांग्रेस में कोहराम मचा हुआ है। बीजेपी को अब कांग्रेस से पहले उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करने पर पछतावा हो रहा होगा, क्योंकि सबसे ज्यादा बगावत उसी में दिखाई दे रही है। बीजेपी ने पहली लिस्ट में 48 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था, जिसके साथ ही पार्टी के अंदर चल रहा घमासान भी बाहर आ गया था। जिन नेताओं को टिकट नहीं मिला वो बगावत पर उतर आए, और निर्दलीय ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। नौबत यहां तक आ गई कि कैबिनेट मंत्री खजान दास ने भी बीजेपी छोड़ने का ऐलान कर दिया। वहीं जब पार्टी की दूसरी लिस्ट जारी हुई तो बीजेपी की प्रदेश उपाध्यश्क्ष रेनू जोशी ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया और वो कांग्रेस में शामिल हो गई। बवंडर सिर्फ बीजेपी में ही नहीं मचा हुआ है, बल्कि कांग्रेस में भी कोहराम थमने का नाम नहीं ले रहा है। टिकट बंटवारे को लेकर कई वरिष्ठ कांग्रेसी खफा है, कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अब निर्दलीय ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। तो कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि मिशन 2012 की महाभारत में घमासान के पूरे आसार दिखाई देने लगे हैं।
संवाददाता,

अगर आप की इस लेख के बारे में कोई राय है तो हमें कमेंट के ज़रिए ज़रूर बताएं।


हरिद्वार कुंभ (Haridwar Kumbh 2021) की शुरुआत

  हरिद्वार कुंभ (Haridwar Kumbh 2021) की शुरुआत हो गई है। अगर आप हरिद्वार महाकुंभ Haridwar Kumbh में आने चाहते हैं तो आपको कोविड  (Covid-19)...