30/01/2012
खाई में गिरी जीप, एक की मौत, 7 घायल
अल्मोड़ाः भिकियासैंण तहसील के अंतर्गत बाजार से करीब 10 किमी दूर रापड़ नामक स्थान में शुक्रवार की देर रात मैक्स गाड़ी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात लोग घायल हो गये। सभी घायलों को रात में ही ग्रामीणों की मदद से भिकियासैंण अस्पताल में लाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को रानीखेत रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि ये गाड़ी बसपा के चुनाव प्रचार में लगी थी। मिली जानकारी के अनुसार गत शुक्रवार की सायं करीब साढ़े नौ बजे रापड़ के पास संतुलन बिगड़ जाने से मैक्स यूके07-टीए-807 लगभग 50 मीटर खाई में जा गिरी। इसमें सवार गंगोड़ा निवासी 62 वर्षीय गोबिन्द राम पुत्र पदी राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि नरेश चंद्र पुत्र टीका राम, लक्ष्मण सिंह सल्टिया, पान सिंह पुत्र राम सिंह और केशव दत्त पुत्र कमल राम गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं धीरज कुमार पुत्र तिला राम, रमेश चंद्र पुत्र हरी राम और कुन्दन प्रकाश पुत्र मनोरथ राम को हल्की चोटें आयीं।
20/01/2012
पहाड़ों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
अल्मोड़ा: बाबा जागनाथ की नगरी जागेश्वर धाम में गुरुवार को छठी बार बर्फबारी हुई है। जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम की छठी बर्फबारी से पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ठक गई है। जागेश्वर में बर्फ ने पिछले पांच सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उच्चयूर पट्टी के तमाम हिस्सों में भी अच्छीखासी बर्फ गिरी। बर्फबारी से आरतोला के पास नैनी-जागेश्वर मुख्य मार्ग घंटों ठप रहा। इससे दर्जनों वाहन जाम में फंसे रहे। इधर पहाड़ों मध्य और निचले इलाकों में सर्द हवा के थपेड़ों के साथ बारिश से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि शाम के वक्त बारिश थम गई, लेकिन सर्दी का सितम बरकरार रहा।
बर्फबारी वाले बूथों पर मोर्चा संभालेंगे हिमाचल के होमगार्ड
अल्मोड़ाः संभावित बर्फबारी की चुनौतियों से निपटने के लिए मतदान के दिन पुलिस प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। हिमाचल प्रदेश में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त होमगार्ड के 600 जवानों को कुमाऊं के चिह्नित हिम बूथों पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस से भी मदद ली जाएगी। आईजी कुमाऊं राम सिंह मीणा ने पुलिस कार्यालय में बातचीत के दौरान ये बातें बताई। उन्होंने कहा कि मौसम के मिजाज को देखते हुए कुमाऊं के उन बूथों पर हिमाचल के प्रशिक्षित होमगार्ड जवानों को लगाया जाएगा, जहां मतदान वाले के दिन बर्फ गिरने की आशंका है। आईजी ने बताया कि होमगार्ड के जवान पहाड़ियों के अलावा बर्फबारी वाले इलाकों में दौड़-भाग के लिए सक्षम हैं, लिहाजा उन्हें पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में चिह्नित बर्फबारी वाले मतदान स्थलों पर तैनात किए जाएगा।