आखिरकार वही हुआ जिसका डर था। अव्यवस्थाओं से नाराज हरिद्वार के बैरागी संतों ने मेला प्रशासन को खरी खोटी सुना दी। साथ ही अपर मेला अधिकारी के साथ संतों की कहासुनी भी हुई है।
बताया जा रहा है कि कुंभ के अधूरे कामों को लेकर बैरागी संत इतने नाराज हो गए कि उन्होंने अपर मेला अधिकारी हरवीर सिंह को खूब खरी खोटी सुनाई। कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल की माने तो मौके पर मौजूद भीड़ में से किसी ने अपर मेला अधिकारी को धक्का भी दिया।
अपर मेला अधिकारी हरवीर सिंह बैरागी कैंप में व्यवस्थाओं को देखने के लिए पहुंचे थे। जिसके बाद हरवीर सिंह और संतों के बीच व्यवस्था पूरी ना होने को लेकर मामला गरमा गया। बताया जा रहा है कि बैरागी संत लाइट की व्यवस्था ना होने से नाराज थे जिसके बाद नाराज संतों ने अपर मेला अधिकारी हरबीर सिंह के साथ धक्का-मुक्की कर दी
मामला गरमाने के बाद मौके पर कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल फोर्स सहित पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संतों से बात की। उधर मामले पर अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि ये घटना निंदनीय है और इसकी जांच होनी चाहिए। अखाड़ा परिषद ने एक टीम बनाई है जो मामले की जांच करेगी।
No comments:
Post a Comment