देहरादून। सरकार ने लंबे अरसे से टलते आ रहे तबादलों को शुक्रवार को अमल में लाते हुए तीन जिलाधिकारियों समेत कई आईएएस और पीसीएस अफसरों के तबादले कर दिए। फेरबदल में कुल 40 अफसर प्रभावित हुए हैं। सरकार ने नया प्रयोग करते हुए पहली बार प्रभारी सचिव और स्वतंत्र प्रभार वाले अपर सचिव भी नियुक्त किए। अपर सचिव (वित्त) डा.मोहनचंद्र जोशी को पिथौरागढ़, सीडीओ (पौड़ी) अक्षत गुप्ता को उत्तरकाशी और सीडीओ हरिद्वार बृजेश संत को चमोली का कलेक्टर बनाकर भेजा गया है। एमडीडीए के वीसी की कुरसी पर अपर सचिव सेंथिल पांडियन बिठाए गए हैं।उत्तराखंड परिवहन निगम के एमडी की जिम्मेदारी डा.रंजीत सिन्हा और लंबे समय से प्रतीक्षारत आईएएस अफसर आशीष जोशी को एमडी (जीएमवीएन) बनाया गया है। ऊर्वादत्त चौबे और कुंवर राजकुमार पहली बार सचिव की कुरसी पर बिठाए गए।
चौबे को राज्य संपत्ति विभाग और राजकुमार को राजस्व विभाग दिया गया है। एसएस रावत, आरसी पाठक, डा. पीएस गुसाईं, अरुण कुमार ढौंडियाल, नरेंद्र कुमार जोशी, हेमलता ढौंडियाल, नारायण सिंह नेगी को प्रभारी सचिव बनाकर शासन में लाया गया है।
No comments:
Post a Comment