Monday, 9 January 2012

उत्तराखंड की बड़ी ख़बरें

मंगलवार, 10 जनवरी

चुनावी सरगर्मियां


पिथौरागढ़- सबसे पहले दर्दनाक हादसे की ख़बर....पिथौरागढ़ में हुए सड़क हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो महिलाएं गंभीर रुप से घायल हो गईं। हादसा डीडीहाट के चर्मा में हुआ। ये सभी लोग बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल के नामांकन में शामिल होने जा रहे थे। उराखंड ख़बर पर हादसे की एक्सक्लूसिव तस्वीरें


पौड़ी- सीएम खंडूरी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। सीएम ने पौड़ी में अपना पर्चा दाखिल किया। मुख्यमंत्री बी सी खंडूरी बर्फबारी की वजह से बीच रास्ते में फंस गए थे। जिसके बाद सीएम ने करीब 6 किमी का पैदल सफर तय किया और फिर उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। आपको बता दें कि सीएम खंडूरी कोटद्वार से चुनाव लड़ रहे हैं।

बाजपुर- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और बाजपुर से उम्मीदवार यशपाल आर्य ने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। यशपाल आर्य के नामांकन को लेकर बाजपुर में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये थे। इस दौरान काफी तादात में यशपाल आर्य के समर्थक मौजूद थे। चुनाव जीतने के बाद सीएम पद की दावेदारी को लेकर यशपाल आर्य ने साफ किया कि फिलहाल उनका फोकस कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचाना है। इसके बाद आलाकमान जो भी फैसला करेगा वो सबको मंजूर होगा।

देहरादून- राजधानी देहरादून में भी कई उम्मीदवारों ने अपना नामांकन किया। इसमें धरमपुर से बीजेपी उम्मीदवार प्रकाश सुमन ध्यानी धरमपुर से ही कांग्रेस उम्मीदवार दिनेश अग्रवाल और रायपुर से बीजेपी उम्मीदवार तीरथ सिंह रावत भी शामिल थे। नामांकन के बाद हर उम्मीदवार ने जीत का दावा किया।

हरिद्वार- नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन रोशनाबाद जिला मुख्यालय पर बीएसपी के कई उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पिरान कलियर सीट से उम्मीदवार शहजाद, भगवानपुर सीट से सुरेंद्र राकेश, रुड़की से नैय्यर काजमी पर्चा भरने पहुंचे। वहीं रुड़की से कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप बत्रा ने भी पर्चा दाखिल किया। साथ ही हरिद्वार सीट से बीजेपी के उम्मीदवार मदन कौशिक ने भी नामांकन दाखिल किया।

रुद्रपुर- रुद्रपुर से कांग्रेसी उम्मीदवार तिलक राज बेहड़ ने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस मौके पर बेहड़ के साथ उनके समर्थकों की काफी तादात थी। बेहड़ चार बार विधायक रहे चुके है और इस बार भी वो जीत का दावा कर रहे है।


रानीखेत- कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रानीखेत में कई कांग्रेसी उम्मीदवारों ने अपने नामांकन किए। द्वाराहाट से कांग्रेसी उम्मीदवार मदन बिष्ट भी अपना पर्चा दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान मदन बिष्ट के साथ उनके समर्थक भी भारी तादात में पहुंचे। पर्चा दाखिल करने के बाद मदन बिष्ट ने 2012 में भारी बहुमत से जीत दर्ज करने का दावा भी किया।

लालकुआं- लालकुआं विधानसभा सीट से कांग्रेसी उम्मीदवार हरेंद्र बोरा जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए है। जनसंपर्क अभियान के दौरान बोरा लोगों से डोर-डू-डोर मिल रहे हैं और कांग्रेस के समर्थन में वोट मांग रहे है। हरेन्द्र बोरा का दावा है कि वो भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। हरेन्द्र आज अपना नामांकन कर रहे हैं इसके लिए उन्हें समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की भी उम्मीद है।

रामनगर- रामनगर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार हेमचंद्र भट्ट लोगों से डोर-डू-डोर जाकर मिल रहे हैं। हेमचंद्र भट्ट का दावा है कि इलाके के लोग उन्हें पूरा समर्थन दे रहे हैं। हेमचंद्र आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन को लेकर हेमचंद्र तैयारी पूरी कर चुके है। उनका कहना है कि नामांकन के दिन भी भारी तादात मंे लोगों की भीड जुटेगी।

खानपुर- खानपुर सीट से बीजेपी ने रविंद्र पनियाला को अपना उम्मीदवार बनाया है। चुनावी तैयारियों के मददेनजर रविंद्र पनियाला ने ढंडेरा में अपने चुनावी कार्यालय का उदघाटन किया। इस मौके पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता मनोहर कांत ध्यानी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे। साथ ही भारी तादात में रविंद्र के समर्थक भी मौजूद रहे।

रुड़की- पूर्व कांग्रेसी नेता मनोहर लाल ने टिकट ना मिलने पर रुड़की से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। मनोहर लाल ने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। उनका दावा है कि इलाके की जनता उन्हें पूरा समर्थन दे रही है।

श्रीनगर- श्रीनगर प्रशासन के हाथ-पांव उस वक्त फूल गए जब एक हेलीकॉप्टर बगैर किसी सूचना के जीएनटी मैदान में उतर गया। हेलीकॉप्टर के उतरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हेलीकॉप्टर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक एक निजी कंपनी का ये हेलीकॉप्टर था जो सीएम खंडूरी को लेने के लिए पौड़ी जा रहा था। खराब मौसम के कारण हेलीकाप्टर के पायलट को श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

उत्तरकाशी- पहाडों में हो रही बर्फबारी से रास्ते भी बंद पडे है। उत्तरकाशी में इलाके का जायजा लेने पहुंचे भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक भी चैरंगी के पास बर्फबारी में फंस गए। भारी बर्फबारी की वजह से रोड पर कई-कई फीट तक बर्फ जमा हो गई जिससे रोड पूरी तरह से ब्लॉक हो गई है। ऐसे में जेसीबी मशीन की मदद से रोड से मलबा हटाया जा रहा है। लेकिन लगातार हो रही बर्फबारी प्रशासन के लिए भी सिरदर्द बन गई है। एक तरफ इससे यातायात प्रभावित हो रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सैलानियों के चेहरे भी खिल उठे है। एक तरफ पहाड़ों जमकर बर्फबारी हो रही है तो वहीं चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि चुनाव तय वक्त पर ही होंगे।

No comments:

Post a Comment

हरिद्वार कुंभ (Haridwar Kumbh 2021) की शुरुआत

  हरिद्वार कुंभ (Haridwar Kumbh 2021) की शुरुआत हो गई है। अगर आप हरिद्वार महाकुंभ Haridwar Kumbh में आने चाहते हैं तो आपको कोविड  (Covid-19)...