ऋषिकेशः ऋषिकेश और शिवपुरी रेंज में दहशत का सबब बन चुके हिंसक टस्कर से आखिर निजात मिल गई। टस्कर को ट्रंकुलाइज कर शिवपुरी रेंज से हटा दिया गया है। उसे राजाजी नेशनल पार्क की चीला रेंज के सोनी स्रोत में शिफ्ट कर दिया गया।
दो महीने के इंतजार के बाद शिवपुरी रेंज के हिंसक टस्कर पर वन विभाग ने काबू पा लिया। शनिवार दोपहर ग्यारह बजे टस्कर मुनिकीरेती के डॉ. सुशीला तिवारी हर्बल गार्डन में आ धमका। सूचना पाकर करीब एक घंटे बाद विभाग के आला अधिकारी और हाथी विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। करीब एक बजे वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट के ट्रंकुलाइज एक्सपर्ट पराग निगम भी मौके पर पहुंचे। इस बीच टस्कर हर्बल गार्डन में ही घूम रहा था। सही मौका देख कर डॉ. पराग निगम ने टस्कर को पीछे से ट्रंकुलाइज गन से डाट कर दिया। डाट लगते ही टस्कर हर्बल गार्डन से नीचे की ओर भागा, लेकिन इस बार वो जंगल तक नहीं पहुंच पाया। कुछ दूर जाकर टस्कर अचेत होकर खड़ा हो गया। जिसके बाद दल ने टस्कर को बेड़ियां डाल दी। हाथी को रस्सों से बांध कर जेसीबी और क्रेन की मदद से उसे ट्रक में चढ़ाने की कोशिश की गई। करीब दो घंटे मशक्कत के बाद हाथी को ट्रक में लोड कर दिया गया। शाम करीब साढ़े चार बजे वन विभाग की टीम टस्कर को लेकर यहां से रवाना हो गई। प्रमुख वन संरक्षक वन्य जीव एसएस शर्मा ने बताया कि टस्कर को राजाजी नेशनल पार्क की चीला रेंज के सोनी स्रोत में शिफ्ट किया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment