17/01/2012
सोनिया के पोस्टर पर फेंकी स्याही
रामदेव पर हमले से क्रुद्ध उनके समर्थकों ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर सोमवार को सोनिया गांधी के पोस्टर पर काली स्याही फेंकी, जिसके बाद पार्टी समर्थकों से उनकी झड़प हो गई। योग गुरु बाबा रामदेव ने इस घटना की निंदा की है और इसे ‘अलोकतांत्रिक एवं अमर्यादित’ करार दिया है।
युवा भारत किसान पंचायत के बैनर तले कुछ लोग 24, अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा हुए और दो दिन पहले योग गुरु पर स्याही फेंकने की घटना का विरोध करने लगे।
उन्होंने पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी एवं दिग्विजयसिंह जैसे नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि वे किसी भी धार्मिक नेता को बदनाम करने की अनुमति नहीं देंगे। बाद में उनमें से कुछ लोगों ने सोनिया गांधी के पोस्टर पर काली स्याही फेंकी। घटना के तुरंत बाद रामदेव के प्रवक्ता ने कहा कि योग गुरु ने घटना को ‘अलोकतांत्रिक और अमर्यादित’ बताया है।
रामदेव ने कहा कि इस तरह की अलोकतांत्रिक और अमर्यादित तरीके के विरोध को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। हमारी समृद्ध संस्कृति और दर्शन में इस तरह की घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कि हम न तो इस तरह की अलोकतांत्रिक और अमर्यादित घटना का समर्थन करते हैं और न ही हम इसका हिस्सा हैं।
कामरान सिद्दीकी नाम के एक व्यक्ति ने शनिवार को रामदेव पर एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान काली स्याही फेंकी थी। बटला हाउस मुठभेड़ पर योग गुरु द्वारा सवालों का जवाब टालने के बाद उसने ऐसा किया। प्रदर्शनकारी वहां करीब पांच-दस मिनट तक इकट्ठा थे, जिसके बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता परिसर से बाहर आए और उनसे बहस करने लगे, जिससे संघर्ष छिड़ गया। इसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। घटना के बाद वहां ज्यादा पुलिसकर्मी भेजे गए। यह जगह सोनिया गांधी के आवास दस जनपथ से थोड़ी ही दूरी पर स्थित है।

No comments:
Post a Comment