Tuesday, 9 August 2011

सोलानी नदी में नहाते समय छात्र डूबा

रुड़की,: सोलानी नदी में नहाते समय खड्ड में गिरने से एक छात्र की मौत हो गई। जल पुलिस के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। परिजनों के कहने पर पुलिस ने छात्र का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को उन्हें सौंप दिया।
कोतवाली रुड़की अंतर्गत कांहापुर गांव निवासी 13 वर्षीय आजाद पुत्र युनुस दोपहर के समय स्कूल से घर लौटा। इसके तुरंत बाद ही वह खेलने के लिए सोलानी नदी पर चला गया। दो-तीन बच्चे भी उसके साथ थे। नदी पर जाकर आजाद पानी में नहाने लगा। नहाते समय वह नदी में बने एक गहरे खड्ड में गिर गया। छात्र ने बाहर निकलने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह बाहर नहीं निकल पाया और नदी में बने कुंड में डूब गया। वहां खेल रहे बच्चों ने उसे डूबते हुए देख लिया। उन्होंने मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी। इस पर परिजन वहां पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणों ने मिलकर छात्र की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। मामले की जानकारी पाकर कोतवाली रुड़की पुलिस व जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। जल पुलिस के जवानों ने छात्र को पानी में तलाश किया। काफी मशक्कत के बाद जल पुलिस के जवानों ने छात्र के शव को तलाश कर बाहर निकाला।

फैक्ट्री प्रबंधन व ग्रामीणों में समझौता

मंगलौर,  आक्सीजन प्लांट में विस्फोट के मामले में मृतकों के परिजनों, ग्रामीणों तथा फैक्ट्री प्रबंधन के बीच समझौते के बाद ग्रामीण दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गये। फैक्ट्री प्रबंधन ने दोनों मृतकों के लिए तीन-तीन लाख तथा घायल के लिए दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। प्रशासन की ओर से भी उन्हें एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा फैक्ट्री की ओर से किए गए कर्मचारियों के बीमे की रकम भी उनके परिजनों को ही दी जानी तय हुई है।
सोमवार की देर शाम झबरेड़ा रोड स्थित कुमार आक्सीजन प्लांट में सिलेंडर फटने से विस्फोट हो गया था। इसमें श्रमिकों लोकेश कुमार पुत्र महिपाल निवासी लाठरदेवा हूण तथा सतीश पुत्र मेवा राम निवासी खुटैना हरदोई यूपी की मौत हो गई थी। इसके अलावा सोमबीर पुत्र सुकरम पाल निवासी लाठरदेवा हूण गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के काफी देर बाद भी प्रशासन की ओर से कोई मदद न पहुंचने से ग्रामीणों में रोष उत्पन्न हो गया। हादसे के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस ने एक मृतक सतीश का शव उठाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और दिल्ली हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने मुआवजा तय होने तक शव नहीं उठाने दिए। ग्रामीण पूरी रात फैक्ट्री पर बैठे रहे। 

16 को होगा चुनाव

हरिद्वार: जिला नियोजन समिति के लिए मंगलवार को 32 जिला पंचायत सदस्यों ने नामांकन किया। जिनमें से 22 सदस्यों का चयन समिति के लिए किया जाएगा। जिसके लिए 16 अगस्त को मतदान होना है। चालीस सदस्यीय जिला नियोजन समिति में 22 सदस्य, जिला पंचायत से लिए जाते हैं, जबकि आठ सदस्य नगर पंचायत के होते हैं और शेष दस सदस्य सरकार की ओर से नामित किए जाते हैं।

व्यापारियों ने दुकानें बंद रख किया प्रदर्शन

रुड़की,  कपड़े पर वैट लगाए जाने के विरोध में कपड़ा कारोबारियों का आंदोलन मंगलवार से और तेज हो गया है। कारोबारियों ने अपनी दुकानों को बंद रखकर चंद्रशेखर चौक पर धरना देकर प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान कारोबारियों ने कहा कि सरकार ने कपड़े पर एक प्रतिशत वैट लगाकर कपड़ा कारोबारियों का उत्पीड़न किया है। इसे कारोबारी बर्दाश्त नहीं करेंगे। सरकार जब तक कपड़े पर लगाए गए वैट को वापस नहीं लेती है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। सरकार को अविलंब कपड़े को वैट से मुक्त कर देना चाहिए। रेडीमेड गारमेंट के कारण कपड़े का कारोबार पहले ही बहुत कम हो गया है। इस कारण कारोबारी परेशान हैं। ऐसे में वैट कारोबारियों की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ा रहा है।

गर्भवती महिला को दौड़ा दौड़ा कर पीटा

हरिद्वार,  ज्वालापुर की सोनिया बस्ती में दीवार बनाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। इस पर एक पक्ष के लोगों ने मायके आयी गर्भवती महिला को भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गर्भवती घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की सोनिया बस्ती में रहने वाले अहसान की पड़ोस में रहने वाले कन्नी के साथ दीवार बनाने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि कन्नी व उसके बेटों ने मिलकर अहसान की पत्नी को तो पीटा ही। इसके साथ ही उसके घर पर आयी उसकी बेटी जो गर्भवती है उसके साथ भी लात-घूसों से पीटकर उसे भी बेहोश कर दिया। हमलावरों से बचकर वह किसी तरह कोतवाली पहुंचे और पुलिस को झगड़े की सूचना दी।

दहेज उत्पीड़न का मुख्य आरोपी पति गिरफ्तार

विकासनगर: कोतवाली पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में मुख्य आरोपी पति को देहरादून से गिरफ्तार कर जेल भेजा है।पुलिस के अनुसार, ढकरानी निवासी शाहीन परवीन का निकाह परवेज पुत्र महफूज निवासी एमडीडीए कॉलोनी, इंदिरानगर देहरादून के साथ हुआ था। निकाह के बाद शाहीन का दहेज के लिए उत्पीड़न किया जाने लगा।

अभाविप का गुस्सा फूटा, शहर जाम

देहरादून,  भ्रष्टाचार के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को चक्काजाम कर शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। घंटाघर को चारों तरफ से घेरकर बैठे कार्यकर्ताओं ने चकराता रोड, राजपुर रोड, गांधी रोड व पलटन बाजार का टै्रफिक एक घंटे तक बिल्कुल ठप रखा। इस दौरान अभाविप ने केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग की।

हरिद्वार कुंभ (Haridwar Kumbh 2021) की शुरुआत

  हरिद्वार कुंभ (Haridwar Kumbh 2021) की शुरुआत हो गई है। अगर आप हरिद्वार महाकुंभ Haridwar Kumbh में आने चाहते हैं तो आपको कोविड  (Covid-19)...