Friday, 12 August 2011

महिला समेत तीन मजदूर की मलबे में दबकर मौत

छाम: टिहरी जनपद के थौलधार विकासखंड के अंतर्गत नगुण-भवान मोटर मार्ग पर हुए भूस्खलन से तीन मजदूर मलबे में दफन हो गए। मृतकों एक महिला भी शामिल है।
उत्तरकाशी को देहरादून से जोड़ने वाले नगुण-भवान मोटर मार्ग का निर्माण गाजियाबाद की आरजीबी कंस्ट्रक्शन कम्पनी कर रही है। शुक्रवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे बयाड़गांव के पास जलेबी बैंड में मजदूर नाले का गड्ढा खोद रहे थे। अचानक ऊपर पहाड़ी से भारी मलबा आ गिरा। मलबे में 35 वर्षीय टेकचंद, 40 वर्षीय गणेश व 21 वर्षीय गीता पत्नी वीरवन (सभी निवासी जिला बांके नेपालगंज नेपाल) दब गए। निर्माणदायी कम्पनी की जेसीबी मशीन व साथी मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर दो बजे मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

मोलधार गांव में बादल फटा एक ही परिवार के पांच मरे

नैनबाग/टिहरी,  टिहरी जनपद के जौनपुर प्रखंड की पट्टी पालीगाड के मोलधार गांव में शुक्रवार तड़के बादल फटने से एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में परिवार के मुखिया के साथ ही दो बेटियां और पुत्रवधू और समधी हैं। मुखिया की पत्‍‌नी गंभीर रूप से घायल हो गई। भूस्खलन से आए मलबे में यहां 21 मवेशी भी दफन हो गए। उधर, नैनबाग से 25 किलीमोटर दूर स्थित ग्राम सिंदौल में भूस्खलन से एक गौशाला ध्वस्त होने से छह मवेशी मर गए। ग्राम जियाकोटी में एक मकान ध्वस्त हो गया।
मोलधार गांव से करीब पांच किमी की दूरी पर स्थित डांडा में ग्रामीणों ने पशुओं को रखने के लिए छानी (गौशाला)बनाई हुई है। इसी में रहकर वे लोग पशुओं की देखभाल करते हैं। शुक्रवार तड़के दो बजे इस इलाके में बादल फटने से भूस्खलन हो गया। मलबे से गबरूलाल की छानी जमींदोज हो गई। चीख पुकार सुनकर एक दूसरी छानी में सो रहे मदनलाल वहां पहुंचे।मध्यरात्रि की इस घटना की सूचना मिलने के बाद सुबह करीब दस बजे तहसीलदार मनवीर सिंह कंडारी आपदा प्रबंधन की टीम सहित मौके पर पहुंचे। प्रशासन की टीम और ग्रामीणों ने मलबे में दबे ग्रामीणों को बाहर निकाला।
हादसे में गबरूलाल की पत्‍‌नी शांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र थत्यूड़ में भर्ती कराया गया। शाम को उसे यहां से मसूरी के लिए रैफर कर दिया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। गबरू के परिवार के अन्य सदस्य गांव में रह रहे थे।
शिक्षा मंत्री खजानदास ने मोलधार गांव में और आपदा प्रबंधन व जिले के प्रभारी मंत्री त्रिवेन्द्र रावत ने थत्यूड़ पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। जिलाधिकारी राधिका झा ने पीड़ित परिवार को दीनदयाल उपाध्याय आवास सुविधा देने के साथ ही राहत राशि के एक-एक लाख रुपये के चेक दिए।

मौसम खराब होने से थत्यूड़ नहीं पहुंच पाए सीएम

नई टिहरी: टिहरी जिले के जौनपुर प्रखंड के पट्टी पालीगाड के ग्राम पंचायत मोलधार में शुक्रवार तड़के सुबह बादल फटने की घटना में पांच की मौत व एक घायल होने की सूचना पर सूबे के मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक का थत्यूड़ आगमन का कार्यक्रम खराब मौसम के चलते स्थगित हो गया।
शुक्रवार को जैसे ही सुबह मोलधार में बादल फटने की खबर राजधानी में पहुंची, उसके तुरंत बाद सीएम कार्यालय से उनके थत्यूड़ आगमन का कार्यक्रम जारी हो गया। जिला प्रशासन ने राइंका थत्यूड़ में हैलीपेड भी बनवा दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक मौसम खराब होने के चलते हैलीकाप्टर राजधानी देहरादून से उड़ान नहीं भर पाया। शिक्षा मंत्री व आपदा व प्रभारी मंत्री त्रिवेन्द्र रावत को उन्होंने दूरभाष से मृतक परिजनों को सांत्वना दी।

Wednesday, 10 August 2011

बिजली लाइनों की मरम्मत शुरू

विकासनगर,  झूलते बिजली के तारों के कारण सात मौतें होने के बाद आखिर कार ऊर्जा निगम की नींद टूटी है। निगम ने तारों की खिंचाई का काम शुरू कर दिया है। 113 नए पोल लगाए गए, पुराने क्रास आर्म बदले जा रहे हैं।
 हरबर्टपुर में झूलती एचटी लाइनों के कारण छह युवकों व बरोटीवाला फीडर पर एक युवक की मौत होने के बाद ऊर्जा निगम नींद से जागा है। जिसके चलते निगम अधिकारियों ने 11 केवी जमनीपुर फीडर अंतर्गत कई पोल लगाए गए। तारों को टाइट किया गया। 11 केवी तिमली फीडर अंतर्गत तिमली गांव में लकड़ी के 22 पुराने क्रास आर्म बदले गए, धर्मावाला में तिमली ब्रांच पर एसपी 55 का एक पोल लगाकर एचटी लाइन टाइट की गई। इस फीडर अंतर्गत शाहपुर कल्याणपुर, कुंजाग्रांट, रामगढ़ में झूलती एलटी लाइनों को टाइट किया गया और कई पोल लगाए गए। पांवटा रोड गुरुद्वारे के पास झूलती एचटी लाइन पर पीसीसी पोल लगाकर तार टाइट किए गए। हरबर्टपुर टाउन अंतर्गत गोयल बाग में झूलती एचटी लाइन की खिंचाई की गई। इसके अलावा हरिपुर, देहरादून रोड, ढालीपुर ढकरानी में झूलती लाइनों को टाइट करने के साथ ही कई स्थानों पर पोल भी लगाए गए। 11 केवी लांघा रोड फीडर अंतर्गत कोटडा व छरबा रोड पर 11 केवी लाइन की क्रासिंग की गई। 11 केवी व‌र्ल्ड बैंक फीडर अंतर्गत सभावाला चौक से घमालो तक एसपी 33 के तीन पोल लगाए गए, खुशहालपुर से इस्लामनगर तक भी पोल लगाकर तारों को अच्छी तरह से खींचा गया। बालूवाला, छरबा, रुद्रपुर, देवथला, पसोली, नहाड़ में झूलती बिजली की तारें टाइट की गई और पोल भी बदले गए। 11 केवी सहसपुर फीडर अंतर्गत टीचर कॉलोनी, मस्जिद के पास, रेहड़ापुर, ईदगाह मोहल्ले, सहसपुर बाजार आदि में एचटी व एलटी लाइनों को टाइट करने का काम किया गया। 11 केवी तिलवाड़ी फीडर अंतर्गत नए पोल लगाने के साथ ही झूलते तारों को भी टाइट किया गया। 11 केवी बरोटीवाला फीडर अंतर्गत भी झूलते तार टाइट किए गए। कटापत्थर, टाउन और डाकपत्थर फीडरों के अंतर्गत भी झूलती लाइनें टाइट की गई और पोल लगाए गए।

बाइक सवार युवकों ने ट्रक चालक को लूटा

विकासनगर, थाना सहसपुर अंतर्गत शिमला बाइपास पर हसनपुर गांव में बाइक सवार तीन युवकों ने खच्चर भरे ट्रक के चालक से हजारों की नगदी लूट ली और ट्रक में मौजूद लोगों से मारपीट की। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को दबोच लिया है।

Tuesday, 9 August 2011

सोलानी नदी में नहाते समय छात्र डूबा

रुड़की,: सोलानी नदी में नहाते समय खड्ड में गिरने से एक छात्र की मौत हो गई। जल पुलिस के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। परिजनों के कहने पर पुलिस ने छात्र का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को उन्हें सौंप दिया।
कोतवाली रुड़की अंतर्गत कांहापुर गांव निवासी 13 वर्षीय आजाद पुत्र युनुस दोपहर के समय स्कूल से घर लौटा। इसके तुरंत बाद ही वह खेलने के लिए सोलानी नदी पर चला गया। दो-तीन बच्चे भी उसके साथ थे। नदी पर जाकर आजाद पानी में नहाने लगा। नहाते समय वह नदी में बने एक गहरे खड्ड में गिर गया। छात्र ने बाहर निकलने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह बाहर नहीं निकल पाया और नदी में बने कुंड में डूब गया। वहां खेल रहे बच्चों ने उसे डूबते हुए देख लिया। उन्होंने मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी। इस पर परिजन वहां पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणों ने मिलकर छात्र की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। मामले की जानकारी पाकर कोतवाली रुड़की पुलिस व जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। जल पुलिस के जवानों ने छात्र को पानी में तलाश किया। काफी मशक्कत के बाद जल पुलिस के जवानों ने छात्र के शव को तलाश कर बाहर निकाला।

फैक्ट्री प्रबंधन व ग्रामीणों में समझौता

मंगलौर,  आक्सीजन प्लांट में विस्फोट के मामले में मृतकों के परिजनों, ग्रामीणों तथा फैक्ट्री प्रबंधन के बीच समझौते के बाद ग्रामीण दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गये। फैक्ट्री प्रबंधन ने दोनों मृतकों के लिए तीन-तीन लाख तथा घायल के लिए दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। प्रशासन की ओर से भी उन्हें एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा फैक्ट्री की ओर से किए गए कर्मचारियों के बीमे की रकम भी उनके परिजनों को ही दी जानी तय हुई है।
सोमवार की देर शाम झबरेड़ा रोड स्थित कुमार आक्सीजन प्लांट में सिलेंडर फटने से विस्फोट हो गया था। इसमें श्रमिकों लोकेश कुमार पुत्र महिपाल निवासी लाठरदेवा हूण तथा सतीश पुत्र मेवा राम निवासी खुटैना हरदोई यूपी की मौत हो गई थी। इसके अलावा सोमबीर पुत्र सुकरम पाल निवासी लाठरदेवा हूण गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के काफी देर बाद भी प्रशासन की ओर से कोई मदद न पहुंचने से ग्रामीणों में रोष उत्पन्न हो गया। हादसे के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस ने एक मृतक सतीश का शव उठाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और दिल्ली हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने मुआवजा तय होने तक शव नहीं उठाने दिए। ग्रामीण पूरी रात फैक्ट्री पर बैठे रहे। 

हरिद्वार कुंभ (Haridwar Kumbh 2021) की शुरुआत

  हरिद्वार कुंभ (Haridwar Kumbh 2021) की शुरुआत हो गई है। अगर आप हरिद्वार महाकुंभ Haridwar Kumbh में आने चाहते हैं तो आपको कोविड  (Covid-19)...