भाजपा के हिस्से आई जीत , अब दिल्ली की तैयारी
देहरादूनः निकाय चुनाव में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर भाजपा के हिस्से आई जीत उसके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं। खासकर, जिस तरह नए प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत के नेतृत्व में पार्टी ने निकाय चुनाव में पहला नंबर हासिल किया, पार्टी उससे खासी उत्साहित है। यह बात दीगर है कि भाजपा की इस जीत में कांग्रेस के खिलाफ नकारात्मक मतों की भूमिका ज्यादा महत्वपूर्ण रही। राज्य में निकाय चुनाव में अव्वल रहकर भाजपा हालांकि उत्साहित है लेकिन इसमें कांग्रेस के खिलाफ नकारात्मक मतों की भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण रही। केंद्र की कांग्रेसनीत सरकार के खिलाफ महंगाई और भ्रष्टाचार से उपजा वातावरण और राज्य की कांग्रेस सरकार का सवा साल का कार्यकाल, दोनों ने भाजपा को एंटी इनकंबेंसी के रूप में फायदा पहुंचाया। वैसे पार्टी के नए अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत के चुनाव प्रबंधन को भी दरकिनार नहीं किया जा सकता।